हस्तिनापुर कस्बे के मध्य गंगनहर किनारे कई दिनों से लगातार तेंदुए की मौजूदगी देखे जाने से राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। तेंदुआ कई बार नहर किनारे सड़क पर घूमता दिखाई दिया है। इसके अलावा तेंदुए के कुत्ते पर झपटने की घटना के बाद लोगों में भय और बढ़ गया है। राहगीर अब नहर किनारे से गुजरने में भी सावधानी बरत रहे हैं। ऐसे में वन विभाग ने मध्य गंगा नहर किनारे तेंदुआ संभावित क्षेत्र घोषित कर दिया है। विभाग की ओर से नहर किनारे जगह-जगह पोस्टर और बैनर लगवाए गए हैं। इनमें तेंदुए से सतर्क रहने और अकेले नहर किनारे नहीं जाने की हिदायत दी गई है।