कुलवंत सिंह स्टेडियम में 14 नवंबर को मेगा भूतपूर्व सैनिक रैली का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन और भाजपा तैयारी में जुटा हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसमें बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारवार्ता में राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने यह जानकारी दी। सोमेंद्र तोमर ने कहा कि अगस्त में रक्षा मंत्री से मुलाकात कर इस रैली को कराने का आग्रह किया था। इसे स्वीकार कर लिया गया। कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घर-घर से लोग सेना में हैं। भारी संख्या में लोग सेना से जुड़े हैं। ऐसे में रैली का आयोजन किया जा रहा है। वन ब्लॉक वन सैनिक का भी हमारी सरकार प्रस्ताव ला रही है। ये युवाओं को ट्रेनिंग देंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे आएंगे और पूर्व सैनिक और उनके परजिनों को संबोधित करेंगे। ये विशुद्ध रूप से सेना का कार्यक्रम होगा और इसमें तीन हजार से ज्यादा पूर्व सैनिक शामिल होंगे। इस दौरान सांसद डॉक्टर लक्ष्मीकांत वाजपेई, महापौर हरिकांत अहलुवालिया, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, कमल दत्त शर्मा, आदि मौजूद रहे।