त्योहारों के मद्देनजर मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। बुधवार को एडीजी भानु भास्कर ने भारी पुलिस बल के साथ बेगमपुल से सदर बाजार तक फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की पूरी मुस्तैदी दिखाई दी और ड्रोन कैमरों के जरिये भी संवेदनशील इलाकों की सघन निगरानी की गई। एडीजी भानू भास्कर ने फ्लैग मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया। साथ ही अपील की कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। एडीजी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों, माहौल बिगाड़ने, हुड़दंग करने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सुरक्षा के मद्देनजर शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन कैमरों की मदद से भी भीड़भाड़ वाले इलाकों पर पैनी नजर रखी जा रही है।