हस्तिनापुर कस्बे के समीप मध्य गंग नहर किनारे लगातार तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। रामराज, बिजनौर बैराज और खादर क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला यह मार्ग इन दिनों लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता बना हुआ है। खादर क्षेत्र के कई संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीण इसी मार्ग से होकर आवाजाही कर रहे हैं। ऐसे में नहर किनारे तेंदुए की लगातार मौजूदगी से खासकर रात के समय सफर करने वाले लोगों में डर बढ़ गया है। ग्रामीणों ने तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।