मेरठ। कपसाड़ में सुनीता की हत्या कर उनकी बेटी रूबी का अपहरण कर लिया गया था। इस मामले में जेल में बंद पारस सोम के खिलाफ कोर्ट में सुनवाई चल रही है। सोमवार को रूबी के भाई नरसी से अधिवक्ता ने जिरह की। सोमवार को सुनवाई के दौरान पारस सोम के अधिवक्ता ने नरसी से जिरह की। अधिवक्ता ने सवाल पूछा कि सुनीता की हत्या कैसे और कब हुई, डॉक्टर ने किस समय मृत घोषित किया, पोस्टमार्टम के लिए शव कब ले जाया गया और पारस सोम ने ही हत्या की है, इसका पता कैसे चला? नरसी ने इन सभी सवालों के जवाब दिए, जबकि इस दौरान नरसी के अधिवक्ता ने भी अपना पक्ष रखा। एडीजीसी क्राइम शिवम गुप्ता ने बताया कि नरसी ने अपने बयान में कहा है कि आठ जनवरी को वह गांव में ही था, तभी उसके दोस्त शुभम उर्फ डॉन की कॉल आई। शुभम ने उसे बताया कि "तेरी मम्मी बम्बे पर मरी पड़ी हैं।" मौके पर पहुंचने पर मां लहूलुहान पड़ी थीं और बहन गायब थी। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों के सहयोग से वह मां को अस्पताल ले गया था।