मेरठ। चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व भैया दूज श्रद्धा और भावुकता के साथ मनाया गया। हालांकि, जेल में बंद मुस्कान, रविता और दामिनी से मिलने के लिए उनके भाई नहीं पहुंचे। ये तीनों महिलाएं पति की हत्या के मामले में अपने प्रेमियों के साथ जेल में बंद हैं। मुस्कान और रविता को कोर्ट द्वारा फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डा. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि त्योहार को लेकर जेल में विशेष इंतजाम किए गए थे। जेल में बंद बंदियों से मिलने के लिए कुल 2,137 बहनें पहुंचीं, जिन्होंने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर मिठाइयां खिलाईं और उनकी लंबी उम्र की कामना की। इन बहनों के साथ 1,306 बच्चे भी जेल पहुंचे। वहीं 35 भाई भी जेल में बंद अपनी महिला बंदी बहनों से तिलक कराने के लिए कारागार पहुंचे। त्योहार के मद्देनजर जेल प्रशासन ने मुलाकात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती। सुबह 6 बजे से ही पर्ची बननी शुरू हो गई थी और 7 बजे से भाई-बहनों की भीड़ उमड़ पड़ी। भाइयों ने बहनों को आशीर्वाद दिया और उनकी रक्षा का वचन दोहराया। जेल में त्योहार मनाने की कसक बंदियों के चेहरों पर साफ दिखी और बहनों के पहुंचने से माहौल भावुक हो गया। बहनें अपने साथ रोली, चावल और मिठाई लेकर पहुंची थीं। जो महिलाएं सामग्री लाना भूल गईं, उन्हें जेल प्रशासन ने रोली-चावल की सामग्री खुद उपलब्ध कराई।