यूपीआई भुगतान पर टैक्स लगाए जाने के विरोध में शनिवार को एटा उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने आवाज बुलंद की। नगर अध्यक्ष अतुल राठी के नेतृत्व में व्यापारियों ने घंटाघर पर प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित ज्ञापन सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड को सौंपा। व्यापारियों ने यूपीआई भुगतान पर लगाए गए अतिरिक्त टैक्स को समाप्त करने की मांग की। ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि यूपीआई के माध्यम से वित्तीय लेनदेन कारोबारियों के लिए सुविधाजनक और सहज हो गया है। ऐसे में 2,000 रुपये से अधिक के लेनदेन पर अतिरिक्त टैक्स लगाए जाने से व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। व्यापारियों का कहना था कि व्यापारी वर्ग पहले से ही आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है। ऐसे में अतिरिक्त शुल्क लगने से उनकी परेशानियां और बढ़ेंगी।