मथुरा। इंडिया गठबंधन ने रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पदयात्रा निकाली। इसमें कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा तथा कथित वोट चोरी के विरोध में जमकर नारेबाजी की। वहीं आठ अक्तूबर के पैदल मार्च में जुटने का आव्हान राष्ट्रीय आव्हान पर डीग गेट आंबेडकर प्रतिमा से शुरू हुई पदयात्रा मनोहरपुरा, घीया मंडी, भरतपुर गेट और दरेसी रोड होकर वापस डीग गेट पहुंचकर सम्पन्न हुई। इसमें गठबंधन के सहयोगी दल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, वामदल के कार्यकर्ता शामिल हुए। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष यतेंद्र मुकद्दम ने कहा कि मताधिकारी की रक्षा सबकी जिम्मेदारी है। दो दिन बाद वृंदावन में भी पदयात्रा निकाली जाएगी। आठ अक्टूबर को राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश के सह-प्रभारी कुणाल चौधरी के नेतृत्व में होली गेट स्थित महानगर कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक प्रदीप माथुर ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोट चोरी के विरोध में देशभर में पदयात्रा निकाली जा रही हैं। सपा महानगर अध्यक्ष रितु गोयल ने कहा कि मतदाता अधिकार के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन एकजुट है। इस दौरान मो. तौफीक, पूर्व पार्षद मुकीम कुरैशी, गुड्डू कुरैशी, निशाद अहमद, छोटन कुरैशी, प्रकाश शर्मा, अजय शर्मा, राजू फारूकी, गिरदास राणा चतुर्वेदी, पारस गोस्वामी, अशोक शर्मा, सैयद साबिर, समी बेगम, राखी चौहान, कोमल किशोर शर्मा शामिल रहे।