वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर श्रद्धालुओं और परिक्रमार्थियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। शुक्रवार को डीएम चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने वृंदावन में पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम और एसएसपी ने श्री बांकेबिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात, सफाई, पेयजल, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और जूता घर सहित श्रद्धालुओं से जुड़ी सुविधाओं की स्थिति देखी। अधिकारियों ने श्रीबांकेबिहारी मंदिर के प्रवेश और निकास द्वारों के साथ मंदिर को जोड़ने वाली प्रमुख गलियों का भी निरीक्षण किया। जन्माष्टमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए भीड़ नियंत्रण और आवागमन को सुगम बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।