गोवर्धन। माधुरी कुंड क्षेत्र में एक बुजुर्ग की मौत के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि एक महीने पहले हुई कथित मारपीट ही मौत की वजह बनी है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजन के अनुसार परिवार के मुखिया निनुआ के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। इस घटना की शिकायत पुलिस में पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी। परिजन ने ठाकुर समाज के कुछ लोगों पर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद से वे न्याय की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन बुजुर्ग की मौत से स्थिति और गंभीर हो गई है। परिवार का आरोप है कि मारपीट और मौत के बीच सीधा संबंध है। सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह ने बताया कि करीब एक माह पहले दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें मारपीट की घटना हुई थी। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। घायल व्यक्ति इलाज के बाद घर लौट आया था। अब उनकी मौत किन कारणों से हुई, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।