मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मंदिर निर्माण के संकल्प को लेकर तैयार की गई रजत संकल्प शिला का पूजन अब विदेशों में रहने वाले भक्तों तक भी पहुंच रहा है। मथुरा में आयोजित कार्यक्रम में अमेरिका समेत 19 देशों से आए भक्तों और प्रतिनिधियों ने वैदिक विधि-विधान से शिला का पूजन किया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण से जन्मभूमि से जुड़ी बाधाएं दूर होने और मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होने की प्रार्थना की गई। अमेरिका के शिकागो से आए प्रशांत त्यागी ने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीय भक्त भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े इस संकल्प से भावनात्मक रूप से जुड़े हैं और धार्मिक गतिविधियों में अपनी सहभागिता निभाना चाहते हैं। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के हिंदू पक्षकार दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा कि रजत संकल्प शिला देश-विदेश के श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक रूप से जोड़ रही है। उनके अनुसार, शिला का एक लाख स्थानों पर पूजन कराने का संकल्प लिया गया है। साध्वी राधा गिरि, कैलिफोर्निया से आए राहुल त्रिवेदी और महामंडलेश्वर राधा नंद गिरि ने भी भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। कार्यक्रम प्रभारी-संयोजक पं. राजेश पाठक और स्वयंसेवक कृष्ण सुदर्शन ने बताया कि अयोध्या में महंत नृत्य गोपाल दास महाराज के पूजन के बाद रजत शिला को ब्रज में संतों और श्रद्धालुओं के पूजन के लिए लाया गया है। कार्यक्रम में भागवत प्रवक्ता प्रिया किशोरी भारद्वाज, हनी शर्मा, कान्हा कौशिक सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। विदेशी भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए शिला पूजन के संकल्प की पूर्णता की प्रार्थना की।