मथुरा के कोसीकलां राधा माधव मंदिर में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुर श्रीराधा माधव का पंचामृत से अभिषेक कर सुनहरी पोशाक में भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर में विभिन्न प्रकार के पकवानों और व्यंजनों से सजी अन्नकूट की आकर्षक झांकी सजाई गई। इसके दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। महोत्सव के दौरान ठाकुरजी को करीब 350 किलो सामग्री का अन्नकूट भोग अर्पित किया गया। इसमें 80 से 90 किलो विभिन्न प्रकार की सब्जियां शामिल रहीं। इसके अलावा 20 से 25 प्रकार की सब्जियों, चावल और 25 तरह के कच्चे भोग व्यंजनों को विशेष रूप से तैयार कर भगवान के समक्ष सजाया गया। विविध व्यंजनों से सजी झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। भक्तों ने ठाकुरजी के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। शाम को ठाकुरजी की विशेष आरती की गई। आरती के दौरान मंदिर परिसर भगवान के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए भक्तों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।