मथुरा में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर मथुरा जंक्शन पर बहनों का उत्साह साफ दिखाई दिया। भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए महिलाएं सामान और राखियों के साथ स्टेशन पहुंचीं। प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों का इंतजार करती महिलाओं की भीड़ देर शाम तक बनी रही। त्योहार के कारण स्टेशन पर सामान्य दिनों की तुलना में यात्रियों की संख्या अधिक रही। यात्री रिमझिम ने बताया कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह का पर्व है और वह हर साल अपने भाई के घर जाकर राखी बांधती हैं। इस बार भी वह समय से पहले स्टेशन पहुंच गईं, ताकि भीड़ के कारण कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि भाई से मिलने और राखी बांधने की खुशी अलग ही होती है। वहीं यात्री अंकिता ने बताया कि रक्षाबंधन का त्योहार परिवार को जोड़ने का अवसर देता है। वह कई दिन पहले से ही यात्रा की तैयारी कर रही थीं। स्टेशन पर भीड़ जरूर है, लेकिन भाई से मिलने का उत्साह हर परेशानी को छोटा कर देता है। स्टेशन पर महिलाओं के साथ बच्चे और बुजुर्ग भी सफर करते नजर आए। किसी के हाथ में राखी और मिठाई थी तो कोई उपहार लेकर यात्रा पर निकला। रक्षाबंधन को लेकर मथुरा जंक्शन पर पूरे दिन उत्साह और चहल-पहल का माहौल बना रहा।