मथुरा में श्री अग्रवाल सभा (रजि.) की ओर से आयोजित अग्रसेन जयंती महोत्सव की तैयारियों के तहत 12 अक्तूबर को निकलने वाली शोभायात्रा के लिए 18 राजकुमारों का चयन कर लिया गया। अग्रवाटिका में आयोजित चयन प्रक्रिया में 101 बच्चों के आवेदन प्राप्त हुए थे। सभी आवेदनों में से लकी ड्रा के माध्यम से 18 राजकुमारों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया समाज के लोगों की मौजूदगी में पूरी की गई। सभा के मीडिया प्रभारी सचिन अग्रवाल ने बताया कि चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए लकी ड्रा के टोकन भी बच्चों से ही निकलवाए गए। ड्रा में जिन बच्चों के नाम निकले, उनमें खुशी और उत्साह नजर आया। चयनित राजकुमार अब 12 अक्तूबर को निकलने वाली अग्रसेन जयंती की शोभायात्रा में विशेष रूप से शामिल होंगे। सभा के अध्यक्ष अशोक बंसल और प्रधानमंत्री सुभाष अग्रवाल ने बताया कि अग्रसेन जयंती महोत्सव को लेकर समाज के लोगों में उत्साह है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही महोत्सव के कार्यक्रमों की तैयारियों ने भी गति पकड़ ली है। कार्यक्रम के दौरान अग्रसेन जयंती महोत्सव पत्रिका का विमोचन भी किया गया। पत्रिका के माध्यम से महोत्सव से जुड़े कार्यक्रमों और समाज की गतिविधियों की जानकारी दी गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी जयंती प्रसाद अग्रवाल ने चयनित सभी राजकुमारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों का इस बार लकी ड्रा में चयन नहीं हो सका, वे निराश न हों। अगले वर्ष उन्हें फिर आवेदन का अवसर मिलेगा। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों से महोत्सव के कार्यक्रमों में उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान किया। लकी ड्रा के दौरान उपाध्यक्ष योगेश कागजी, कोषाध्यक्ष राजकुमार रद्दी वाले, संदीप अडूकी, अतुल अग्रवाल, तिलकद्वार अग्रवाल धर्मशाला समिति के अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल, मंत्री कृष्ण मुरारी नेताजी, कोषाध्यक्ष मुकेश गर्ग कोसी, महावीर मित्तल, मूलचंद गर्ग, स्वरूप गोवर्धन दास, महिला समिति की संयोजिका आशा अग्रवाल, मीरा अग्रवाल, अध्यक्ष रेनू अग्रवाल, मंत्री शशि अग्रवाल, मुख्य जयंती संयोजक किशोर मित्तल, शोभायात्रा संयोजक रोहित अग्रवाल, पुष्पांजलि संयोजक मनोज कड़े वाले, चंदा संयोजक रमनलाल, पत्रिका संपादक प्रवीन सर्राफ, योगेश गोयल, महेश बंसल सर्राफ, हेमंत अग्रवाल, अनिल अग्रवाल नौहझील, वैभव अग्रवाल, महेश चंद कसेरे, गोपाल दास काजू, महेश सर्राफ समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।