मैनपुरी के करहल में श्रीरामलीला महोत्सव समिति की ओर से आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव 2026 का शुभारंभ सात अक्तूबर को भूमि पूजन के साथ होगा। सोमवार को समिति के पदाधिकारियों ने महोत्सव के निमंत्रण पत्र का विमोचन किया। इसके बाद समिति के सचिव नितिन चतुर्वेदी ने प्रेसवार्ता कर महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी दी। सचिव नितिन चतुर्वेदी ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ गणेश पूजन के साथ होगा। आठ अक्तूबर को शिव विवाह शोभायात्रा निकाली जाएगी। 16 अक्तूबर को श्रीराम विवाह शोभायात्रा निकलेगी। 20 अक्तूबर को विजयदशमी के अवसर पर रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके बाद 25 अक्तूबर को श्रीराम का राज्याभिषेक होगा और 29 अक्तूबर को महोत्सव का समापन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार शिव बारात और श्रीराम बारात की शोभायात्राएं महोत्सव के प्रमुख आकर्षण होंगी। समिति की ओर से आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान उपसचिव लाल सिंह वर्मा, संरक्षक अमर सिंह यादव, उपाध्यक्ष सुभाष यादव, भानू यादव, मृदुल मिश्रा और जीतू पाण्डेय मौजूद रहे।