मैनपुरी। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार सुबह खानकाह-ए-रशीदिया बड़ी खानकाह, आगरा रोड से जुलूसे मोहम्मदी शान-ओ-शौकत के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शामिल होकर नबी-ए-करीम हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की खुशी का इजहार किया। जुलूस बड़ी खानकाह, शाह महमूद इस्लामिया इंटर कॉलेज और मदरसा जामिया रशीदिया आगरा रोड से शुरू हुआ। इसके बाद जुलूस बड़ा चौराहा, डाकघर, लेनगंज, घंटाघर और बजाजा बाजार होते हुए निकला। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। जुलूस निर्धारित मार्ग से होता हुआ वापस खानकाह पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहा।