मैनपुरी। छपट्टी मोहल्ले के रहने वाले अरुण आगरा में जूता फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। शुक्रवार को सुबह से ही वह आगरा जाने की तैयारी में जुटे हुए थे। पापा के जाने की वजह से बच्चों ने भी आज स्कूल की छुट्टी कर ली थी। अरुण की पत्नी प्रतिभा रसोई में पुड़िया और पकवान बना रही थी। सुबह करीब 8:50 पर अरुण अपनी पत्नी से बात कर रहे थे। पास में ही बैठी उनकी छोटी बेटी हिमांशी ने कहा कि पापा छत के लेंटर से कुछ पापड़ियां गिर रही हैं, यहां से हट जाओ, खतरा है। जब तक अरुण संभल पाते। इस दौरान अगले ही पल दूसरी मंजिल का लेंटर तेज आवाज के साथ गिर पड़ा और प्रथम तल के बरामदे में बैठे अरुण कुर्सी समेत जमीन पर आगे गिरे और उनके ऊपर मलबा गिर गया। रसोई में खाना बना रही उनकी पत्नी प्रतिभा भी जमीन पर आ गिरी, उनके सिर पर भारी मलबा गिरा तो सर में गंभीर चोटें आ गई। जिस परिवार में पिता के जाने की खुशियां और पकवान की महक घूम रही थी। घटना के बाद वहां चीख पुकार का मंजर दिखाई देने लगा। आस पड़ोसियों ने जब चीख पुकार की आवाज सुनी तो वह भी घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। किसी तरह से घायलों को मलबे में से बाहर निकाला और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया।