करहल। साज हाजीपुर से निकलने वाला नाला नगला मांझ, नगला पूठ और बमटापुर गांवों के खेतों के पास से होकर सुनूपुर सेंगर नदी में गिरता है। लंबे समय से नाले की सफाई न होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से नाला ओवरफ्लो हो गया है। इससे करीब 500 बीघा धान की फसल पानी में डूब गई है। खेतों में लगातार पानी भरा रहने से किसानों को फसल खराब होने की चिंता सता रही है। नगला मांझ निवासी शशांक मिश्रा ने बताया कि समस्या को लेकर ग्रामीण पूर्व में भी शिकायत कर चुके हैं। शिकायत के बाद सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तत्काल पानी निकासी की प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई। सिंचाई विभाग की ओर से पीडब्ल्यूडी विभाग से कुलावा बनवाने की बात कही गई है। वहीं, ग्रामीणों के अनुसार पीडब्ल्यूडी की ओर से कुलावा डालने में करीब तीन माह का समय लगने की बात कही गई है।