लखीमपुर खीरी में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कार्यरत समूह सखियों ने सोमवार को बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं को लेकर उपायुक्त स्वत: रोजगार (एनआरएलएम) को ज्ञापन सौंपा। समूह सखियों ने मानदेय बढ़ाने समेत सात मांगों को पूरा किए जाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि समूह सखी गांवों में स्वयं सहायता समूहों की सेवाएं आमजन तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। समूहों का गठन कराने, बचत जमा कराने, बैठक कराने, लोकोस व परिवार आईडी बनवाने, केवाईसी कराने समेत अधिकारियों से मिलने वाले अन्य कार्यों का भी निर्वहन किया जाता है। इसके बावजूद उन्हें केवल दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है। इससे परिवार का खर्च चलाने में परेशानी होती है। समूह सखियों ने मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह करने और उन्हें स्थायी या नियमित करने की मांग की। इसके अलावा लोकोस पर कार्य के लिए टैबलेट, मोबाइल व रिचार्ज, मानदेय व्यक्तिगत खाते में देने, निशुल्क बीमा, निर्धारित ड्रेस और आईडी कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया गया। इस दौराम तमाम समूह सखी महिलाएं मौजूद रहीं।