लखीमपुर खीरी में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। शनिवार से चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत होगी। इसे लेकर शहर के सेठ घाट स्थित छठ पूजा स्थल पर साफ-सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का काम चल रहा है। पूजा के लिए महिलाओं और उनके परिवार के लोगों ने घाट पर वेदियां बनाना शुरू कर दिया। अब तक कई वेदियां बनाई जा चुकी हैं। वहीं, घाट की सफाई के लिए जेसीबी लगाई गई है। नदी की सफाई के साथ किनारे उगी झाड़ियों को भी हटाया जा रहा है। छठ पूजा का पर्व भगवान सूर्य और छठी मैया को समर्पित है। इसमें महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना के लिए कठिन व्रत रखती हैं। मान्यता है कि छठी मैया संतान की रक्षा करती हैं और भगवान सूर्य की उपासना से परिवार में सुख-समृद्धि आती है। इस पर्व में महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी पूरे श्रद्धाभाव से व्रत और पूजा की तैयारियों में सहयोग करते हैं।