लखीमपुर खीरी के दशहरा मेले के सांस्कृतिक मंच पर मंगलवार देर रात ऑल इंडिया मुशायरे का आयोजन किया गया। इसमें देशभर से आए नामचीन शायरों ने अपने कलाम और शायरियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियों पर पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। श्रोताओं ने पूरी रात मुशायरे का आनंद लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद जफर अली नकवी और विशिष्ट अतिथि गोला विधायक अमन गिरि मौजूद रहे। दोनों अतिथियों के साथ ईओ संजय कुमार, मेला अधिकारी समरा सईद, मेला अध्यक्ष रविंद्र रावत समेत अन्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर मुशायरे का शुभारंभ किया। मुशायरे में शायरा गुले शबा ने वतन में आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हुए कहा, 'हर दिल में उकूवत की जरूरत है वतन को, नफरत नहीं उल्फत की जरूरत है वतन को। शायर नदीम फारूक ने अपना कलाम पेश करते हुए कहा, 'यूं ही सड़कों पर अगर बहा दोगे, तो सरहद ने लहू मांगा तो क्या दोगे।' वहीं इलियास चिश्ती ने पढ़ा, 'यूं तो सारे ही कलर अच्छे हैं, लेकिन जिस कलर को वह न पहने, वह कलर अच्छा नहीं।' शायर एवं कवि जमुना प्रसाद उपाध्याय ने अपने अंदाज में सुनाया, 'बिकें और अपनी कीमत में न जाएं तो कहां जाएं, मरें भी तो जन्नत में न जाएं तो कहां जाएं। पुलिस पीछे पड़ी है और न जाने कब एनकाउंटर कर दे, यह जनता की अदालत में जाएं न तो कहां जाएं।' उनकी प्रस्तुति पर श्रोताओं ने खूब तालियां बजाईं। शायरा निकहत मुरादाबादी ने सुनाया, 'अब किसी और की हो न पाऊंगी, जाते-जाते वह अपनी कसम दे गया। इसके अलावा डॉ. शफी सीतापुरी, विकास सहाय, कमाल अख्तर, अज्म शाकिरी, अशरफ सिद्दीकी, मैकश अमरोही, दमदार बनारसी, मोहन मुंतजीर और अकमल बलरामपुरी समेत तमाम शायरों ने अपने कलाम पेश किए। देर रात तक मेला पंडाल श्रोताओं से खचाखच भरा रहा। शायरों की प्रस्तुतियों पर हर तरफ वाह-वाह और तालियों की गूंज सुनाई देती रही।