फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुधवा मुख्यालय गेट पर किसानों ने किया पांच घंटे प्रदर्शन

पलियाकलां। सुहेली नदी की डिसिल्टिंग और नकहुआ पुल नाले की सफाई की मांग को लेकर चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन आंदोलन 21वें दिन अचानक बड़ा हो गया। बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों के लंबे काफिले के साथ पैदल मार्च निकालते हुए पलिया में दुधवा नेशनल पार्क मुख्यालय के मुख्य गेट पर जा पहुंचे, जहां उन्होंने गेट का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों के इस प्रदर्शन को उस समय और मजबूती मिली जब ऑल इंडिया सिख संगठन के प्रधान सरदार जसवीर सिंह विर्क, जिलाध्यक्ष सरदार पाल सिंह और तहसील अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह गिल अपने साथियों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। संगठन के नेताओं ने किसानों को अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए कहा कि वे पूरी तरह किसानों के साथ हैं। करीब पांच घंटे तक चले इस प्रदर्शन से पार्क प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुधवा वार्डन महावीर सिंह, एसडीएम पुष्पक तोमर, तहसीलदार, सीओ शिवम कुमार और पलिया कोतवाल शिवाजी दुबे मौके पर पहुंचे और किसानों से लंबी वार्ता की। अधिकारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास करते हुए कहा कि वह धरना समाप्त कर दें 25 अक्टूबर तक उनका काम शुरू करा दिया जाएगा। किसान नेताओं ने कहा कि प्रशासन ने रविवार को कहा है, लेकिन वह 30 अक्टूबर तक का समय देते हैं। अगर तब तक रुड़की जल संसाधन से स्वीकृत धनराशि को ट्रांसफर कराकर धरातल पर काम चालू नहीं कराया गया तो किसान एक नवंबर को दुधवा नेशनल पार्क के पर्यटन सत्र के शुभारंभ के दिन पलिया-दुधवा मार्ग को पूरी तरह जाम कर देंगे। अधिकारियों के साथ हुई इस वार्ता के बाद किसान करीब तीन बजे दुधवा मुख्यालय गेट से हटने पर राजी हुए। हालांकि किसानों अनिश्चितकालीन धरना नियत स्थान पर पहले की तरह लगातार जारी है। इस मौके पर गजरोरा के पूर्व रेहान खान, प्रधान हरिकेश, बसंत, राजेश भारतीय राजा, डॉ. गौतम पाल, सविता तिवारी, रामनिवास, विनोद और भूपेंद्र सिंह आदि लोग शामिल रहे। धरना स्थल पहुंचे बस यूनियन के सदस्य पलियाकलां। सुहेली सफाई की मांग को लेकर चल रहे धरने में पलिया बस यूनियन के सदस्य जितेंद्र सिंह गोल्डन पहुंचे और अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ती है तो फिर आंदोलन के तहत बसों को भी खड़ा कर दिया जाएगा। विधायक बोले कोर्ट का स्टे हटवाया अब जल्द होगा कार्य पलियाकलां। स्थानीय विधायक रोमी साहनी ने कहा कि किसान जरूरत से ज्यादा परेशान होकर धरने पर बैठे हैं। शुरू में कोर्ट से स्टे था, उसको समाप्त कराने में बहुत समय लगा। अब सुखद खबर यह है कि फॉरेस्ट विभाग की आंखें खुल गई हैं, वो समझ गए हैं कि इसमें काम किए बगैर अब गुजारा नहीं है। अब उन्होंने अपनी सहमति दे दी है। मुझे उम्मीद है बहुत ही जल्द 86,76,000 की रकम मिल जाएगी और अतिशीघ्र काम शुरू हो जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें