लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार को नरवल तहसील क्षेत्र के ड्योढी गंगा घाट छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से गूंज उठे। व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। नरवल के ड्योढ़ी गंगा घाट और नजफगढ़ गंगा घाट पर सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। शाम ढलते ही सिर पर दउरा और सूप में ठेकुआ, फल-फूल और पूजन सामग्री लेकर सैकड़ों व्रती महिलाएं परिवार सहित घाटों पर पहुंचीं। घाटों पर बनी वेदी पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया। इस दौरान पूरा घाट परिसर "जय छठी मइया" के जयकारों से गूंजता रहा। चार दिनों तक चलने वाला यह महापर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था पर एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह, महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह एवं समस्त पुलिस बल तैनात रहा।