बिरहाना रोड स्थित एक नामी ज्वैलरी शोरूम में नकली हॉल मार्क लगी चेन और दो अंगूठी बेचने पहुंची महिला को मैनेजर की सतर्कता से पकड़ लिया गया। महिला ने बताया कि कैंट निवासी सर्राफा का काम करन वाले अक्षय गुप्ता से गहने लेकर आई है। पुलिस कड़ियां मिलाते हुए चौक बाजार में स्थित उस दुकान पर पहुंची, जहां पर मशीन के सहारे नकली हॉल मार्किंग की जा रही थी। शनिवार देर रात पुलिस ने मशीन को जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस ज्वैलरी शोरूम के मैनेजर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर महिला व तीन अन्य युवकों से पूछताछ कर रही है। बिरहाना रोड स्थित सोना चांदी ज्वैलर्स में मैनेजर के पद पर कार्यरत आशीष डालमिया ने बताया कि शुक्रवार शाम चकेरी के सफीपुुर लाल बंगला निवासी सुमन सिंह नाम की महिला शोरूम में एक चेन और दो अंगूठियां बेचने के उद्देश्य से पहुंची। वजन तौलने पर उसका भार 18.440 ग्राम था। गहने की शुद्धता जांचने के लिए गोल्ड मैनेजर दीपक अग्रवाल ने उन्हें मशीन पर रखा तो उसकी शुद्धता सिर्फ 10 प्रतिशत निकली। जबकि उसमें 18 कैरेट की हॉल मार्किंग थी। इसपर महिला को पकड़ कर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि ज्वैलरी रेल बाजार शांति नगर निवासी उसके परिचित अक्षय गुप्ता ने बेचने के लिए दी थी। जो एक सर्राफे की दुकान चलाता है। आशीष ने पुलिस को सूचना दी। फीलखाना थाना प्रभारी रीना सिंह ने बताया कि पुलिस ने जब अक्षय से पूछताछ की तो उसने बताया कि चौक बाजार में काम करने वाले आयुष नाम के युवक से वह गहने खरीदता है। इसपर पुलिस उक्त युवक तक पहुंची। आयुष ने बताया कि चौक बाजार के तिलक पार्क के सामने स्थित दीपक वर्मा की दुकान में हॉल मार्किंग होती है। वहां काम करने वाला राहुल मिलावटी सोने में फर्जी हॉल मार्किंग करता है। शनिवार देर रात पुलिस ने दुकान में छापा मारकर हॉल मार्किंग करने वाली मशीन को जब्त कर लिया। पुलिस सुमन, अक्षय, आयुष और राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। देर रात तक किसी को भी गिरफ्तार करन से इनकार किया है।