आईडीबीआई बैंक के प्रस्तावित निजीकरण के विरोध में बुधवार को माल रोड स्थित बैंक शाखा के बाहर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन (एआईबीईए) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन (यूपीबीईयू) के बैनर तले हुए प्रदर्शन में निजीकरण का निर्णय वापस लेने की मांग उठाई गई। साथ ही तीन दिसंबर को हड़ताल का आह्वान किया गया। यूनियन के महामंत्री रजनीश गुप्ता ने कहा कि आईडीबीआई बैंक की स्थापना औद्योगिक और आर्थिक विकास के लिए हुई थी। बैंक में सरकार और एलआईसी की 94.72 फीसदी संयुक्त हिस्सेदारी है। ऐसे में प्रबंधन नियंत्रण निजी हाथों में सौंपने का फैसला कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि निजीकरण से रोजगार, आरक्षण और सेवा शर्तों पर असर पड़ेगा। संयुक्त मंत्री अंकुर द्विवेदी ने कहा कि बैंकों का उद्देश्य केवल मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि आम जनता को सुरक्षित और सुलभ सेवाएं देना भी है। अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कर्मचारियों से आंदोलन सफल बनाने की अपील की। प्रदर्शन में रजनीश गुप्ता, अंकुर द्विवेदी, मनोज तिवारी, गगन यादव, एसके मिश्रा, जितेंद्र सिंह तोमर, राजेश गुप्ता, नितिन शर्मा, आशुतोष दीक्षित और शिवांगी द्विवेदी समेत अन्य मौजूद रहे।