कानपुर से दिल्ली का सफर अब पहले से ज्यादा तेज और आरामदायक होने जा रहा है। वाराणसी-नई दिल्ली के बीच शुरू हुई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का नियमित संचालन दो नवंबर से शुरू होगा। यह ट्रेन वाराणसी से चलकर प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल होते हुए सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। कानपुर सेंट्रल पर ट्रेन रात 12:40 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 12:45 बजे रवाना होगी। यानी कानपुर से दिल्ली पहुंचने में करीब पांच घंटे 25 मिनट लगेंगे। शनिवार को उद्घाटन स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय रात 8:05 बजे के बजाय 45 मिनट की देरी से रात 8:48 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंची। सात मिनट के ठहराव के बाद रात 8:55 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गई। ट्रेन के स्वागत के लिए महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, सांसद रमेश अवस्थी, विधायक महेश त्रिवेदी, राकेश सचान, एमएलसी सुनील विश्नोई, विधायक मोहम्मद हसन रूमी और डीआरएम दीपक कुमार व उपमुख यातायात प्रबंधक अकांशु गोविल समेत रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। रेलवे के मुताबिक उद्घाटन स्पेशल में कुल 283 यात्री सवार थे। इनमें से 33 यात्रियों ने कानपुर सेंट्रल पर उतरकर अपनी यात्रा पूरी की। ट्रेन में कुछ यात्री प्रयागराज और कुछ वाराणसी से भी सवार हुए थे। ट्रेन से सफर करने वाले प्रयागराज के इन्फ्लुएंसर राहुल सिंह ने बताया कि यात्रा का अनुभव अच्छा रहा। खाना भी अच्छा था और ट्रेन में सफर के दौरान आरामदायक महसूस हुआ। वह ट्रेन के अनुभव और जानकारी के लिए इसमें सवार हुए थे। अब दूसरी ट्रेन से प्रयागराज लौटेंगे।