ख्योरा कटरी में बाढ़ किसानों के लिए हर बार नई मुसीबत लेकर आती है। लगभग हर दूसरे साल बाढ़ आने से सैकड़ों बीघे में खड़ी सब्जी की फसल बर्बाद हो जाती है। किसानों की मेहनत और लागत पानी में बह जाती है, जिससे उनकी उम्मीदों पर भी पानी फिर जाता है। भोपालपुरवा के कुछ किसानों का आरोप है कि बाढ़ के बाद प्रशासन की ओर से खेतों में हुए नुकसान का सर्वे तो कराया जाता है, लेकिन मुआवजे की बारी आने पर उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिलता है। किसानों का कहना है कि फसल बर्बाद होने के बाद आर्थिक नुकसान की भरपाई नहीं हो पाती।