कानपुर के गंगा बैराज पेट्रोल पंप के पास शनिवार शाम तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से सब्जी कारोबारी सुमित निषाद (35) की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर समय पर अस्पताल न पहुंचाने और लापरवाही का आरोप लगाते हुए नवाबगंज थाने का घेराव किया। साथ ही, कंपनी बाग-चिड़ियाघर मार्ग पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर छह थानों का पुलिस बल तैनात करना पड़ा।