चकेरी थाना क्षेत्र के चरारी लालबंगला में सोमवार को किराये के कमरे में कारपेंटर विषय कुमार (35) का पांच से छह दिन पुराना शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव कमरे में फर्श पर पड़े गद्दे पर औंधे मुंह पड़ा था। शव बुरी तरह सड़ चुका था और कमरे से तेज दुर्गंध उठ रही थी। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकलवाया। विषय कुमार अपने छोटे भाई विकास से अलग किराये के कमरे में रहता था। उसकी पत्नी राधा की चार साल पहले मौत हो चुकी है। पत्नी की मौत के बाद तीनों बच्चे वैष्णो, आर्यन और परी गल्लामंडी निवासी अपने मामा मोनू के पास रह रहे हैं। भाई विकास ने बताया कि विषय कारपेंटर का काम करता था, लेकिन शराब की लत के चलते उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। वह परिवार से अलग रहने लगा था। विकास के मुताबिक, पहले भांजी और फिर भांजे की मौत की सूचना देने के लिए जब वह चरारी स्थित भाई के कमरे पर पहुंचे तो वहां से तेज दुर्गंध आ रही थी। शक होने पर उन्होंने आसपास के लोगों को एकत्र किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची चकेरी पुलिस ने टीम के साथ दरवाजा तोड़ा तो अंदर गद्दे पर विषय का शव पड़ा मिला। शव करीब पांच से छह दिन पुराना होने की आशंका है। चकेरी थाना प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।