महाराजपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के पास 11 हजार वोल्ट की लाइन ठीक कर रहा प्राइवेट लाइनमैन करंट की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और विभाग के लोगों ने घायल को तत्काल सरसौल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जानकारी के अनुसार लाऊखेड़ा गांव निवासी बलवीर यादव (50) पुत्र सूर्यबली मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे रामपुर गांव के बाहर 11 हजार लाइन के ट्रांसफार्मर पर चढ़कर फॉल्ट ठीक कर रहा था। घायल बलवीर ने बताया कि उसने पावर हाउस से शटडाउन ले रखा था, लेकिन वहां बैठे कर्मचारी ने लाइन चालू कर दी। लाइन में सप्लाई आते ही वह करंट की चपेट में आकर खंभे से नीचे गिर गया और बुरी तरह झुलस गया। वहीं सरसौल एसडीओ विनीत चौधरी ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली है, घायल लाइनमैन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच कराई जा रही है। महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है, तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।