फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कन्नौज: मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में नहीं मिला इलाज, पिता की पीठ बनी बेटे का स्ट्रेचर

मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में स्ट्रेचर नहीं मिला तो बेबस पिता की पीठ ही घायल बेटे का सहारा बन गई। बेटे को पीठ पर लादकर इलाज के लिए भटकते पिता का वीडियो वायरल हुआ तो कॉलेज प्रशासन की नींद टूटी और आनन-फानन घायल को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। अगले दिन रेफर कराने के लिए भी पिता को बेटे को पीठ पर लादकर ईएमओ कार्यालय पहुंचना पड़ा। वीडियो ने मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी व्यवस्था की पोल खोल दी। ठठिया क्षेत्र के ग्राम हाजियापुर निवासी जगदीश के बेटे संजय का रविवार शाम गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया था। मारपीट में संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। पिता उसे लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे। आरोप है कि वहां डॉक्टरों ने इलाज करने से मना कर दिया। स्ट्रेचर और व्हीलचेयर न मिलने पर पिता घायल बेटे को पीठ पर लादकर बाहर निकल आया। इसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो का अमर उजाला की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती। वीडियो वायरल होते ही मेडिकल प्रशासन हरकत में आया। घायल को तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू कराया गया, लेकिन सोमवार को रेफर बनवाने के लिए भी पिता को बेटे को पीठ पर लादकर ईएमओ कार्यालय जाना पड़ा। अब सवाल यह है कि करोड़ों की स्वास्थ्य व्यवस्था में एक घायल मरीज को स्ट्रेचर तक नहीं मुहैया हो सका। इमरजेंसी में तैनात कर्मचारियों की जिम्मेदारी कौन तय करेगा और मरीजों को मदद तभी मिलेगी, जब उनकी बेबसी का वीडियो वायरल होगा। प्राचार्य डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही, मरीज को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर न मिलने की भी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें