झांसी के ककरबई क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने क्षेत्रीय वनाधिकारी जगदम्बा प्रसाद पाठक के नेतृत्व में मौर्या तालाब से एक मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर बेतवा नदी में छोड़ दिया है। पांच दिनों की अथक मेहनत और रात-दिन की निगरानी के बाद वन्यकर्मियों की टीम को यह सफलता मिली है। मगरमच्छ की मौजूदगी के कारण मौर्या तालाब के आसपास रहने वाले ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल बना हुआ था। मगरमच्छ के पकड़े जाने की खबर सुनकर कसवा वासियों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने वन्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में वन दरोगा रामकुमार तिवारी, मुंशी रोहित, संतू पाल, नीलू अहिरवार, रामनारायण, शैलेन्द्र अहिरवार, मनोहर यादव, जयहिंद अहिरवार और रायसहांय वर्मा सहित अन्य वन्यकर्मी मौजूद रहे।