सामुदायिक शौचालयों में कार्यरत केयरटेकर महिलाओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने कई साल से मानदेय नहीं मिलने का आरोप लगाया। जन कल्याण केयरटेकर एसोसिएशन के बैनर तले महिलाओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंपा। एसोसिएशन ने ज्ञापन में बताया कि जिले में केयरटेकरों का मानदेय महीनों और वर्षों से बकाया है। शासन स्तर पर पत्राचार के बावजूद भुगतान नहीं हो रहा है। उन्होंने ग्राम सचिवों और ग्राम प्रधानों पर लापरवाही का आरोप लगाया। एसोसिएशन ने संबंधित सचिवों को नोटिस जारी करने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। भवानीपुर खुर्द निवासी केवलापति ने कहा कि समूह के नाम पर भुगतान से वास्तविक केयरटेकरों को लाभ नहीं मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि समूह की महिलाओं के साथ अधिकारी भी भुगतान के लिए पैसे मांगते हैं। एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष सविता ने कहा कि जिला प्रशासन समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। प्रमुख मांगें महिलाओं ने बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिना नोटिस किसी भी केयरटेकर को काम से न हटाया जाए। मानदेय समूह खाते के बजाय व्यक्तिगत बैंक खाते में भेजा जाए। पांच साल से कार्यरत केयरटेकरों का मानदेय बढ़ाने की भी मांग की गई। इसके अतिरिक्त, केयरटेकरों को ईपीएफ और स्वास्थ्य सुविधा के लिए ईएसआई का लाभ देने की अपील की गई।