यूपी के गोंडा में बुधवार की रात शादी समारोह के दौरान डीजे में करंट उतरने से एक किशोर की मौत हो गई। जबकि, आठ लोग झुलस गए। हादसा उस समय हुआ, जब बरात गांव के पास पहुंची थी। घटना वजीरगंज थाना क्षेत्र के धनेश्वरपुर गांव की है। डीजे सड़क के ऊपर से गुजरे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। इससे डीजे और लाइटिंग के काम में लगे नौ लोग करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, वजीरगंज पहुंचाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में अफरोज (15) की मौत हो गई। जबकि, शहजादे (25), रियाज (15), रब्बीर (15) , अफजल (14), दीपक (15), मिनहाज (15), सूरज (25) और फिरोज (25) का इलाज चल रहा है। ये सभी लोग अयोध्या और गोंडा जिले के निवासी हैं। सीओ तरबगंज डॉ. यूपी सिंह ने बताया कि पुलिस को मौके पर भेजा गया था। झुलसे लोगों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।