राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी में दर्ज प्राथमिकी को वापस लेने की मांग को लेकर सोमवार को सरजू पांडेय पार्क में प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला और शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा गया। कांग्रेस नेताओं ने प्राथमिकी को राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप करते हुए प्राथमिकी वापस कराने के लिए आवश्यक निर्देश देने की मांग की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील राम ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने हल्द्वानी में भाजपा समर्थित एवं आरएसएस से जुड़े लोगों की गतिविधियों और कथित संविधान अपमान के मामले में सवाल उठाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद संबंधित लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय उत्तराखंड पुलिस ने भाजपा सरकार के दबाव में राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी सिटी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कर ली। शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों पर सवाल उठाने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश को सफल नहीं होने देगी। इस अवसर पर रविकांत राय,अजय सिंह,बटुक मिश्रा, जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव, राजीव कुमार सिंह, मंसूर जैदी, आशुतोष गुप्ता, महबूब निशा, धर्मेंद्र कुमार, रईस अहमद, आलोक यादव, रमेश चंद्र गुप्ता, ताहिर अब्बासी, राहुल सिंह, पारस उपाध्याय, शंभू कुशवाहा, राजेश उपाध्याय और राघवेंद्र चतुर्वेदी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।