पुलिस और राजस्व विभाग की तर्ज पर अब विद्युत विभाग भी प्रत्येक बुधवार को विद्युत समाधान दिवस आयोजित करेगा। इसमें उपभोक्ता बिजली बिल, मीटर, नए कनेक्शन समेत अन्य विद्युत संबंधी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। बुधवार को सैदपुर के उपखंड अधिकारी कन्हैया की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 12 शिकायतें पहुंचीं। इनमें मीटर में गड़बड़ी, बिजली बिल में संशोधन और कनेक्शन संबंधी मामले शामिल थे। अधिकारियों ने अभिलेख और कनेक्शन की जांच कर विभागीय स्तर पर संभव सभी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। उपखंड अधिकारी कन्हैया ने बताया कि समाधान दिवस का उद्देश्य उपभोक्ताओं को छोटी-बड़ी विद्युत समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। प्रत्येक बुधवार को शिकायतों की सुनवाई कर नियमानुसार त्वरित निस्तारण कराया जाएगा। इस दौरान जेई दीपक कुमार, सुनील कुमार, सत्यम समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।