फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र में अरांव रोड स्थित दौलतपुर बैजुआ गांव में एक बरात के दौरान हाईटेंशन लाइन से बग्गी की सुर्री टकराने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में बैंड गायक और लाइटकर्मी समेत दो घोड़ों की मौत हो गई, जबकि बैंड के दो सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे की है। मथुरा के फरह से दौलतपुर बैजुआ गांव में बरात आई थी। बैंडबाजों के साथ बरात धूमधाम से चढ़ रही थी, बराती झूम रहे थे। तभी बग्गी की सुर्री ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। हाईटेंशन लाइन से सुर्री के छूने से तेज धमाका हुआ। बरात में शामिल न्यू जनता बैंड के गायक अकील (40) और लाइटकर्मी पप्पू सिद्दीकी (38) की मौत हो गई। हादसे में बैंडकर्मी विवेक भी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूल्हा घटना के समय बग्गी में था और उसने कूदकर अपनी जान बचाई। इस हादसे के बाद खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।