फिरोजाबाद। नगर निगम के चनौरा स्थित 250 टीडीपी क्षमता वाले प्लांट पर शुक्रवार देर रात करीब एक बजे भीषण आग लग गई। आग लगने से प्लांट परिसर में धुएं के घने गुबार उठने लगे। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान चलाकर स्थिति पर काबू पाया। प्लांट पर लंबे समय से कूड़े का ढेर लगा हुआ था। देर रात करीब एक बजे हाईटेंशन बिजली के तारों में फाल्ट होने से निकली चिंगारी के चलते आग भड़क गई और कचरा सुलगने लगा। इससे आसपास के क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। एफएसओ दुर्गेश त्यागी ने बताया कि चनौरा प्लांट पर देर रात करीब एक बजे हाईटेंशन बिजली तारों में फाल्ट के कारण भीषण आग लगी। मौके पर पहुंची दमकलों ने आग पर काबू पाया।