एटा। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में तैनात नर्सिंग ऑफिसर ने नर्सिंग सुपरिटेंडेंट पर मेडिकल और फिटनेस प्रमाणपत्रों पर हस्ताक्षर नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क हादसे में घायल होने के बाद डॉक्टर से जांच और उपचार कराने के साथ सभी जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए, इसके बावजूद अधिकारी सुनवाई नहीं कर रही हैं। नर्सिंग ऑफिसर दिव्या शर्मा के पति के अनुसार, उनकी पत्नी अपनी निर्धारित छह नाइट ड्यूटी पूरी कर चुकी थीं। इसके बाद 10 तारीख को बाइक दुर्घटना में दोनों घायल हो गए। डॉक्टर से परामर्श के बाद 12 तारीख को एक्स-रे कराया गया। ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ की जांच के बाद मेडिकल और फिटनेस प्रमाणपत्र भी बनवाए गए। आरोप है कि सभी जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने के बावजूद नर्सिंग सुपरिटेंडेंट सुमन पाथरे ने उन पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। दिव्या शर्मा का कहना है कि वह 10 तारीख से लगातार कार्यालय के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने इस रवैये को मनमानी और उत्पीड़न बताते हुए अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। नर्सिंग सुपरिटेंडेंट सुमन पाथरे अक्षर विवादों में रहती हैं इससे पूर्व भी कई नर्सिंग स्टाफ ने उनके इस प्रकार के रवैये पर सवाल उठाए हैं और सीएमएस से शिकायत भी की है।