देश के लौह पुरुष एवं भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती शनिवार को चंदौली में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। मुख्य विकास अधिकारी जगत साईं के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली। सभी ने देश की एकता और संप्रभुता को बनाए रखने के साथ ही आपसी सौहार्द एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।