चंदौली। नवागत जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सोमवार की रात करीब 9:45 बजे जिला कोषागार पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। मंगलवार को उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण कर विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं बताईं। कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक शत-प्रतिशत पहुंचाना और जिले में चल रहे विकास कार्यों को समय से पूरा कराना उनकी प्राथमिकता होगी। राजस्व वादों का जल्द होगा निस्तारण डीएम ने कहा कि राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों का जल्द निस्तारण कराया जाएगा। निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने पर भी जोर रहेगा। जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप शासन-प्रशासन की सेवाएं समय से उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि जिले के सभी लोगों के समन्वय से शासन की नीतियों को धरातल पर लागू किया जाएगा, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े अंत्योदय वर्ग तक भी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। कलेक्ट्रेट में साफ-सफाई और व्यवस्था सुधारने के निर्देश कलेक्ट्रेट परिसर के निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यालयों में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और पर्याप्त विद्युत प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि फाइलों और जरूरी दस्तावेजों का रखरखाव व्यवस्थित तरीके से करें। साथ ही जनता को मिलने वाली प्रशासनिक सेवाओं की समय-सीमा में उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान कलेक्ट्रेट के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।