फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंगा किनारे खेत पर चारा काट रहे किसान दंपती पर गिरी ढांग, 30-35 फीट गहराई में दबे; ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर बचाया

बिजनाैर में गंगा किनारे खेत पर चारा काट रहे किसान दंपती बृहस्पतिवार सुबह अचानक ढांग गिरने से करीब 30 से 35 फीट गहराई में जा गिरे। दोनों मिट्टी में दबकर घायल हो गए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गांव गौसपुर निवासी सत्यपाल (60) अपनी पत्नी उषा (56) और पुत्रवधू शशि (35) के साथ गांव से करीब 700 मीटर दक्षिण दिशा में गंगा किनारे स्थित खेत पर चारा काटने गए थे। इसी दौरान अचानक गंगा किनारे की ढांग भरभराकर गिर गई। सत्यपाल और उषा ढांग के साथ नीचे जा गिरे और मिट्टी में दब गए। कुछ दूरी पर चारा काट रही उनकी पुत्रवधू शशि ने घटना के बाद शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। पास के खेत में काम कर रहे किशन और मनोज ने भी ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कामेंद्र, शुभम, बृजेश और मनोज समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मिट्टी हटाकर काफी मशक्कत के बाद दबे हुए सत्यपाल और उषा को बाहर निकाला। जिला अस्पताल रेफर सूचना पर थाना अध्यक्ष अनु कुमारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। घायल दंपती को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चांदक ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और नायब तहसीलदार अमित कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने किसानों और ग्रामीणों को गंगा कटान से प्रभावित क्षेत्र में जाने से बचने की हिदायत दी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें