ज्ञानपुर। अल्प मानदेय और मानव संसाधन नीति निर्धारित नहीं होने से नाराज वीबी-जीरामजी कर्मचारी महासंघ के करीब 600 से 700 कर्मचारियों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। विकास भवन में जुटे रोजगार सेवक, कंप्यूटर ऑपरेटर, तकनीकी सहायक समेत विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों ने मानदेय वृद्धि की मांग उठाई। चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर दो दिसंबर से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पिछले 16 वर्षों से मानव संसाधन नीति का निर्धारण नहीं किया गया है। महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन कर्मचारियों का मानदेय अब भी बेहद कम है। इससे उन्हें अपने और परिवार का भरण-पोषण करने में परेशानी हो रही है। कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें चिकित्सा और सामाजिक सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं।