फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाराबंकी के वेटलैंड में बसी पक्षियों की दुनिया, 300 से अधिक तस्वीरों में प्राकृतिक संपदा की झलक

बाराबंकी की 12 प्रमुख आर्द्रभूमियों (वेटलैंड) और करीब 400 झीलों में सैकड़ों प्रजातियों के पक्षियों का बसेरा है। इनमें 100 से अधिक ऐसी प्रजातियां हैं, जिनके बारे में नई पीढ़ी को बहुत कम जानकारी है। इसी अनदेखी प्राकृतिक दुनिया से लोगों को रूबरू कराने के लिए सचिवालय के अधिकारी और फोटोग्राफर नवीन बनोधा ने सफेदाबाद के निकट एक आवासीय परिसर के सभागार में विशेष फोटो प्रदर्शनी लगाई। वन विभाग के सहयोग से आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के सर्वोच्च प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजय प्रसाद ने प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी आकाशदीप बधावन के साथ किया। प्रदर्शनी में नवीन बनोधा ने 300 से अधिक पक्षियों की तस्वीरों के साथ बाराबंकी के वेटलैंड के मनोरम दृश्यों को भी प्रदर्शित किया। तस्वीरों के माध्यम से पक्षियों की विविध प्रजातियों, उनके प्राकृतिक आवास और आर्द्रभूमियों के महत्व को दर्शाया गया। इस मौके पर नवीन की वेटलैंड पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और वेटलैंड को बचाने के लिए काम करने वाले लोगों के समूह की पहचान के तौर पर हरियाली का प्रतीक टी-शर्ट भी लॉन्च की गई। प्रदर्शनी में पहुंचे पर्यावरणविदों, पक्षी प्रेमियों और फोटोग्राफरों ने तस्वीरों को सराहा। उन्होंने इसे बाराबंकी की जैव विविधता और प्राकृतिक विरासत को सामने लाने वाला अनूठा प्रयास बताया। मुख्य अतिथि संजय प्रसाद ने कहा कि बाराबंकी में प्राकृतिक संपदा का भंडार है। यहां की झीलें और वेटलैंड विभिन्न प्रकार के पशु-पक्षियों का आश्रय स्थल हैं। आने वाली पीढ़ी को अपनी प्राकृतिक विरासत, पशु-पक्षियों और वेटलैंड के महत्व के प्रति जागरूक करना जरूरी है। इसके संरक्षण का संकल्प सभी को लेना होगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें