बहराइच/नानपारा। खैरीघाट के नरोत्तमपुर गांव में शनिवार शाम देर शाम सियार के हमले से दहशत फैल गई। घर के सामने खड़ी 12 वर्षीय बालिका पर सियार ने हमला कर दिया। उसे बचाने दौड़े पड़ोसी पर भी हमला कर उसके हाथ में नोंच लिया। इसके बाद ग्रामीण की पत्नी और बेटी पर भी झपट्टा मारकर सियार ने उन्हें जख्मी कर दिया। चार लोगों को घायल करने से नाराज ग्रामीणों ने सियार को लाठियों से पीटकर मार डाला। नरोत्तमपुर गांव निवासी रिंकी (12) शनिवार को प्रतिदिन की तरह बकरियां चराने गई थी। देर शाम वह बकरियों के साथ लौटी तो घर के सामने खड़ी थी। इसी दौरान झाड़ियों से निकले सियार ने उस पर हमला कर दिया। बालिका की चीख सुनकर कुछ दूरी पर परिवार के साथ मौजूद पड़ोसी प्रमोद कुमार (51) उसे बचाने के लिए दौड़े तो सियार उन पर भी झपट पड़ा। सियार को प्रमोद पर हमला करते देख कर प्रमोद की पत्नी मनोज कुमारी (45) और बेटी अमिता मौर्य (18) दौड़ी तो सियार ने उन दोनो मां-बेटी पर हमला कर उनके हाथ और पैर में नोंच लिया। मौके पर अफररा तफरी और चीख पुकार मच गई। गांव के लोग भी दौड़े। ग्रामीणों की भीड़ और शोर को सुनकर सियार झाड़ियों की ओर भागने लगा। इस पर गुस्साए ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एकजुट होकर सियार को लाठियों से पीटकर मार डाला। रात में ही चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर ले जाया गया। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सभी को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। यहां वन्यजीव वार्ड में उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है। गांव के लोगों का आरोप है कि हमले के बाद भी विभागीय टीम मौके पर तत्काल नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी पीयूष गुप्ता ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी गई थी। देर रात जब घटना का पता चला तो ग्राम प्रधान से बात कर वनकर्मियों को मौके पर भेजा गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं डीएफओ सुंदरेशा ने बताया कि वन कर्मियों की दो टीमें गांव के आसपास निगरानी गश्त कर रही हैं।