बहराइच में बहन से मारपीट की शिकायत पर समझाने पहुंचे युवक पर उसके जीजा ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक के दोनों हाथों में गंभीर चोट आई है। घटना नवाबगंज थाना क्षेत्र के केवलपुर गांव में सोमवार देर शाम की है। मंगलवार को हमले का वीडियो भी सामने आया, जिसमें आरोपी युवक पर हमला करता दिखाई दे रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मटेरा थाना क्षेत्र निवासी मकसूद खां की बहन आमना की शादी नवाबगंज थाना क्षेत्र के केवलपुर गांव निवासी अफसर के साथ हुई है। आरोप है कि अफसर आए दिन आमना के साथ मारपीट करता था। सोमवार को भी उसने आमना की पिटाई कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर मकसूद बहन की ससुराल पहुंचा और जीजा को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान जीजा अफसर ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। मकसूद ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। मंगलवार को घटना का वीडियो सामने आया। इसमें युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। नवाबगंज थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।