बहराइच: पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत धनतेरस के साथ हो गई है। दीपावली को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक उत्साह का माहौल है। पर्व को लेकर शहर के गेंदघर मैदान में पटाखा बाजार सज गया है। यहां अस्थाई लाइसेंसधारकों द्वारा 60 दुकानें लगाई गईं हैं। लगभग 18 करोड़ से अधिक का पटाखा बाजार सजा हुआ है। अग्निशमन और पुलिस विभाग की निगरानी में आतिशबाजी की दुकानें गुलजार हैं। दमकल वाहन भी मौके पर मौजूद हैं। धनतेरस पर बर्तन, सराफा, कपड़ा और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में खरीदारी के बाद अब लोगों का रुख पटाखा बाजार की ओर है। पटाखा की दुकानों पर बच्चों और युवाओं की भीड़ दिन भर दिखाई दी। आसमान में रंग-बिरंगी छटा बिखेरने वाले दिल मांगे मोर, हार्ट क्वीन, हॉट गर्ल्स और मैरी गोल्ड राउंड पटाखे आकर्षण बने हुए हैं। इसके अलावा रोशनी वाले अनार, चरखी, महताब, फुलझड़ी, पॉपअप और छोटी चटाई की भी खूब मांग है। -इनसेट- पटाखा व्यवसायी मनोज गुप्ता ने बताया कि तेज आवाज वाले पटाखों की अपेक्षा रोशनी वाले पटाखों की मांग अधिक है। इस बार पटाखों की कीमतों में करीब 20 फीसदी तक वृद्धि हुई है। पश्चिमी देशों में युद्ध के चलते केमिकल महंगे होने का असर कीमतों पर पड़ा है। बाजार में 120 और 240 शॉट वाले पटाखों के साथ कई तरह की आतिशबाजी उपलब्ध है। हालांकि, तेज आवाज के बजाय ईको फ्रेंडली और कम आवाज वाले पटाखों के प्रति ग्राहकों का रुझान बढ़ा है।