बहराइच में मटेरा में महिला से दिनदहाड़े मंगलसूत्र छीनने वाले बदमाश से बुधवार रात पुलिस टीम की मुठभेड़ हो गई। भागने के प्रयास में बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। बाइक चला रहे हैं बदमाश के पैर में गोली लगने से उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया जबकि उसका एक साथी भागने में सफल रहा। घर बदमाश को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब पुत्र मुग्गर निवासी अगपुरब शेख दाहिर, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, चोरी की मोटरसाइकिल और मंगलसूत्र बरामद हुआ है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी रिसिया भेजा गया। एसपी ने बताया कि एक सितंबर को लखीमपुर खीरी जिले के ग्राम सुआगाड़ा निवासी गंगोत्री अपने फूफा हरिद्वार के घर से वापस लौट रही थीं। गुलालपुरवा टोल प्लाजा से पहले बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र छीन लिया था। शिकायत पर मटेरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने घटना के शीघ्र खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की थीं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपियों के बारे में सुराग मिला। एसपी के मुताबिक बुधवार रात मुखबिर की सूचना पर बिलवा नहर मोड़ के पास दो बदमाशों के मूवमेंट की सूचना पर मटेरा पुलिस और एसओजी टीम ने घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो फायरिंग शुरू हो गई। जवाबी फायरिंग में रकीब घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी असलम बाइक से भाग निकला। मौके पर पहुंचे एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव और अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आधा दर्जन से अधिक मुकदमों का आपराधिक इतिहास है और वह कई मामलों में वांछित था। भागे आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं।