फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहराइच के युवक की अंबाला में सड़क हादसे में मौत, शव पहुंचा घर को बिलख उठे घरवाले

बहराइच में रुपईडीहा थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गुलहरिया ग्राम पंचायत के मजरा रायपुर निवासी रूपचंद पुत्र राम मनोरथ (37) परिवार की रोजी-रोटी के लिए 22 दिन पहले हरियाणा के अंबाला गया था। रविवार सुबह सड़क पार करते समय बस की टक्कर से उसकी मौत हो गई। सोमवार सुबह शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों की चीख-पुकार से गांव गमगीन हो उठा। रूपचंद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था और वह घर का एकमात्र कमाने वाला था। शव देखते ही पत्नी बदहवास हो गई, जबकि बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुटी और लोगों ने परिवार को ढांढस बंधाया। रूपचंद के चार बच्चे हैं, नौ वर्षीय अरविंद, सात वर्षीय करिश्मा, पांच वर्षीय गोविंद और चार वर्षीय मंकिला। पिता की मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया। उसकी मजदूरी से घर का खर्च चलता था, इसलिए परिवार के सामने भावनात्मक आघात के साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है। सोमवार को गमगीन माहौल में परिजनों और ग्रामीणों ने रूपचंद को अंतिम विदाई दी। कमाने गया युवक 22 दिन बाद जिंदा नहीं, बल्कि शव बनकर घर लौटा। परिजनों के अनुसार, रूपचंद की कमाई से ही घर का खर्च चलता था। उसकी मौत के बाद पत्नी और चार छोटे बच्चों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने और बच्चों की पढ़ाई के लिए मदद करने की मांग की है। परिजनों ने बताया कि रूपचंद परिवार की बेहतर जिंदगी की उम्मीद लेकर अंबाला गया था, लेकिन हादसे ने उसकी पत्नी और बच्चों से उनका सहारा छीन लिया। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें