अयोध्या के रूदौली तहसील क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था सवालों के घेरे में रही। अमर उजाला की टीम ने दोपहर 2:53 बजे अस्पताल पहुंचकर मेले का रियलिटी चेक किया तो चिकित्सक डॉ. जितेंद्र सोनी की कुर्सी खाली मिली। वहीं, मेले में ड्यूटी पर लगाए गए चार स्वास्थ्यकर्मियों में से मौके पर केवल फार्मेसिस्ट गौरव ही मौजूद मिले। मौके पर मौजूद फार्मेसिस्ट गौरव ने बताया कि डॉक्टर साहब मरीजों को देखने के बाद बाहर निकले हैं। उन्होंने बताया कि मेले में अब तक 51 मरीजों का उपचार किया जा चुका है। हालांकि, मरीजों की पैथोलॉजी जांच नहीं हो सकी, क्योंकि लैब टेक्नीशियन रवि की ड्यूटी पल्स पोलियो अभियान में लगाई गई है। फार्मेसिस्ट के मुताबिक, मेले में पहुंचे अधिकतर मरीज सर्दी-जुकाम, पेट संबंधी समस्याओं, त्वचा रोग और बुखार से पीड़ित थे। उन्हें उपलब्ध दवाओं के आधार पर उपचार और परामर्श दिया गया। जन आरोग्य मेले के संचालन के लिए चिकित्सक समेत चार स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन दोपहर तीन बजे तक मौके पर केवल एक कर्मचारी की मौजूदगी मिली। ऐसे में सवाल उठता है कि जब मेले में अधिकांश स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं थे तो मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं कैसे मिल रही थीं।